हिमाचल प्रदेश को लेकर जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा हिमाचल प्रदेश का हक छीना है और भाजपा ने हमेशा हक दिया है। नवें वित्त आयोग में कांग्रेस की सरकार में हिमाचल प्रदेश का विशेष श्रेणी के राज्य का दर्जा समाप्त कर दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश को फिर से विशेष श्रेणी का दर्जा दिया। धर्मशाला में बीजेपी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन के बाद कुल्लू पहुंचे जेपी नड्डा ने एक रोड शो में हिस्सा लिया। इसके बाद ढालपुर मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।
कांग्रेस सिर्फ भाई-बहन की पार्टी बनकर रह गई है। राजस्थान में रेप हो, तो चुप्पी साध लेते हैं, लेकिन यूपी में कोई घटना घट जाए तो, “लड़की हूं, मैं लड़ सकती हूं” कहते हैं।
ये थोथे दावे किसे दिखा रहे हैं, भारत की जनता बहुत समझदार है, वो हकीकत जानती है।
– श्री @JPNadda pic.twitter.com/jq1RBteFwh
— BJP (@BJP4India) May 13, 2022
नड्डा बोले- हम विकासवाद को लेकर चलने वाले लोगः
ढालपुर के जनसभा में जेपी नड्डा ने कहा कि हम विकासवाद को लेकर चलने वाले लोग हैं। 5 साल में भाजपा सरकार ने हिमाचल प्रदेश में 6,000 किमी से ज्यादा ग्रामीण सड़कें बनाई हैं। इससे कई गांव जुड़े हैं। कई गांवों में सड़कें इसलिए नहीं बन पाई, क्योंकि लोगों ने अपनी जमीन देने से मना कर दिया। आज हिमाचल प्रदेश विकसित होकर चल पड़ा है।
आज भारत इंपोर्टर नहीं बल्कि एक्सपोर्टर हैः
नड्डा ने आगे कहा कि हमने योजनाओं का लाभ जनता को देने से पहले कभी किसी की जाति, किसी का धर्म नहीं पूछा। हमने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की बात कही। आज हम स्टार्ट अप में दुनिया का सबसे बड़ा ईको-सिस्टम बन गए हैं। आज हमारे 100 से ज्यादा स्टार्ट अप यूनिकॉर्न हैं। आज भारत मांगने वाला देश नहीं है बल्कि दुनिया को चीजें देने वाला देश बन गया है। आज भारत इंपोर्टर नहीं बल्कि एक्सपोर्टर है। 400 बिलियन डॉलर का दुनिया भर में सामान का एक्सपोर्ट किया है।
हिमाचल का चुनाव नड्डा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्नः
उल्लेखनीय हो कि हिमाचल प्रदेश में इसी साल चुनाव होना है। ऐसे में राज्य की सत्ता पर काबिज बीजेपी फिर से जीत के लिए अपनी तैयारी में जुट गई है। जेपी नड्डा स्वंय हिमाचल प्रदेश से आते है। ऐसे में यहां का चुनाव राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन चुका है। राज्य में भाजपा की सत्ता में वापसी के लिए जेपी नड्डा लगातार हिमाचल प्रदेश आ रहे है। इसी माह ये उनका हिमाचल प्रदेश का उनका तीसरा दौरा था।
प्रदेश की जनता का आशीर्वाद लेकर सेवा में जुटेः
जनसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व में नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में दोबारा हिमाचल प्रदेश की जनता भाजपा को अपना आशीर्वाद देने को आतुर है। हम विश्वास दिलाते हैं कि जनता का आशीर्वाद लेकर नई उमंग के साथ हम फिर से हिमाचल प्रदेश की सेवा के लिए जुटेंगे।
कांग्रेस ने हिमाचल में क्या किया यह जनता को बताएंः
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस को घेरते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस में हिम्मत ही नहीं है जो जनता के बीच जाकर ये कहे कि हमने जो कहा था वो किया है। ये हिम्मत सिर्फ भाजपा सरकार में है। मोदी ने और हिमाचल भाजपा सरकार ने जनता के बीच जाकर क्या-क्या विकास कार्य किए हैं ये बताया है। क्या कांग्रेस की सरकार पांच साल बाद जनता के बीच जाकर ये हिम्मत रख सकती है कि हमने ये किया है?
